सामग्री पर जाएँ
journalismindia
जर्नलिज्म इंडिया | सही बात लिखें

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत निर्वाचक नामावली की प्रारूप सूची प्रकाशित

छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री यशवंत कुमार ने बताया कि 12 नवम्बर को प्रकाशित निर्वाचक नामावली की प्रारूप सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ में 01 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 94 लाख 86 हजार 635 पुरूष मतदाता, 95 लाख 31 हजार 721 महिला मतदाता और 412 थर्ड जेंडर सम्मिलित हैं

journalismindia
2 मिनट में पढ़ें

अन्य भाषा मेंবাংলাEnglishاردو

PB-SHABD

रायपुर, 13 नवंबर 2026

भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य में चलाए जा रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027) के तहत 12 नवम्बर को सभी मतदान केन्द्रों में निर्वाचन नामावली का प्रारूप (ड्राफ्ट) सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इसके साथ ही निर्वाचक नामावलियों के प्रारूप सूची की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है। इसके अलावा ईसीआई नेट मोबाइल एप्प एवं वोटर पोर्टल पर भी मतदान केन्द्रवार निर्वाचक नामावली की प्रारूप सूची ऑनलाइन प्रकाशित कर दी गई है।

छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि 12 नवम्बर को प्रकाशित निर्वाचक नामावली की प्रारूप सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ में 01 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 94 लाख 86 हजार 635 पुरूष मतदाता, 95 लाख 31 हजार 721 महिला मतदाता और 412 थर्ड जेंडर सम्मिलित हैं। उन्होंने मतदान केन्द्रों की संख्यात्मक जानकारी देते हुए बताया कि युक्तियुक्तकरण 02 नवम्बर 2026 के पूर्व प्रदेश में मतदान केन्द्रों की कुल संख्या 27 हजार 196 थी, जबकि युक्तियुक्तकरण के पश्चात् 47 नए मतदान केन्द्र स्थापित किए गए तथा 389 मतदान केन्द्रों का विलोपन किया गया। इस प्रकार प्रदेश में अब मतदान केन्द्रों की कुल संख्या 26 हजार 854 है, जिनमें 5 हजार 876 शहरी क्षेत्रों में और 20 हजार 978 केन्द्र ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 12 नवम्बर को प्रकाशित निर्वाचक नामावली की ड्राफ्ट सूची में अपना नाम जरूर चेक करें। इसके लिए ईसीआईनेट मोबाइल एप के माध्यम से चेक किया जा सकता है। इसके अलावा वोटर पोर्टल www.voters.eci.gov.in के जरिए अलावा अपने नजदीकी मतदान केन्द्र के बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन चेक भी कराया जा सकता है। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल करके भी चेक किया जा सकता है।

शेयर करें:

और ख़बरें