बुंदेलखंड की पहचान है दिवारी नृत्य, ढोल-मंजीरों की थाप पर लाठियों के करतब दिखाते हैं कलाकार

टीकमगढ़ में दीपावली के दूसरे दिन से शुरू होती है दिवारी यानी मोनिया नृत्य की परंपरा,
मौन परवा से देवउठनी ग्यारस तक गांव-गांव में जमती है लोक संस्कृति की धूम।
टीकमगढ़, नवंबर 11: बुंदेलखंड में दीपावली का उत्सव दिवारी नृत्य के बिना अधूरा माना जाता है। ढोल-मंजीरों की थाप, कमर में बंधे घुंघरू और हाथों में लाठियां लेकर कलाकार जब दिवारी यानी मोनिया नृत्य की प्रस्तुति देते हैं, तो पूरा माहौल लोक संस्कृति के रंग में रंग जाता है। टीकमगढ़ में दीपावली के दूसरे दिन से इस पारंपरिक नृत्य की शुरुआत होती है। गांव-गांव से कलाकारों की टोलियां निकलती हैं और शहर की गलियों में भी दिवारी की धूम दिखाई देती है।
मौन परवा से शुरू होने वाली यह परंपरा देवउठनी ग्यारस तक चलती है। इस दौरान कलाकार मयूर पंख धारण कर ढोल-मंजीरों की लय पर लाठियों के हैरतअंगेज करतब दिखाते हैं। कहीं राई गीतों की गूंज सुनाई देती है, तो कहीं स्वांग रचकर कलाकार लोगों का मनोरंजन करते हैं।
आधुनिकता के दौर में भी बुंदेलखंड के लोग अपनी इस सदियों पुरानी लोक परंपरा को सहेजे हुए हैं। दिवारी नृत्य आज भी क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और पहचान का प्रतीक बना हुआ है।
-----------------------------
बाइट: बाबूलाल यादव, नृत्य टोली मुखिया।
स्रोत: प्रसार भारती (पीबी-शब्द)

