प्रदेश में विकसित होंगे श्रीकृष्ण लीला से जुड़े तीर्थ स्थल, 10 हजार गायों की क्षमता वाली हाईटेक गौशालाएं होंगी शुरू

वाराणसी में अखिल भारतीय गोवर्धन पूजा उत्सव में शामिल हुए CM डॉ. मोहन यादव,
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और गौवंश संरक्षण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
भोपाल, नवंबर 11: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इससे धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वाराणसी में आयोजित अखिल भारतीय गोवर्धन पूजा उत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गौवंश संरक्षण के लिए 10 हजार गायों की क्षमता वाली हाईटेक गौशालाएं शुरू की जा रही हैं। साथ ही दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों को आर्थिक सहायता देने पर भी काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण को लोकतंत्र का नायक बताते हुए कहा कि उन्होंने सत्ता के बजाय धर्म और न्याय का मार्ग चुना। काशी के गोवर्धन नाथ मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, साहस और प्रकृति के प्रति प्रेम की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा काशी के धार्मिक स्थलों के विकास की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जल्द ही भगवान श्रीकृष्ण मथुरा में भी भव्य रूप से विराजमान होंगे।
---------
बाइट- डॉ मोहन यादव मुख्यमंत्री मप्र
स्रोत: प्रसार भारती (पीबी-शब्द)

