रीवा को मेडिकल हब के रूप में किया जा रहा विकसित : उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल
रीवा विंध्य क्षेत्र के स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई ऊँचाई देते हुए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा के संजय गांधी अस्पताल, जीएमएच और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में कई अत्याधुनिक चिकित्सीय सुविधाओं और सेंटरों का लोकार्पण किया। इन सुविधाओं के शुरू होने से रीवा और आसपास के जिलों के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अब बड़े महानगरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जटिल रोगों का इलाज अब रीवा में संभव हो गया है।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने संजय गांधी हास्पिटल में ब्लड ट्रांसफ्यूजन को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए लगभग 6.5 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक 'नेट' मशीन का लोकार्पण किया। इस मशीन के आने से एचआईवी हेपेटाइटिस बी और हेपेटाइटिस सी जैसी गंभीर बीमारियों का विंडो पीरियड संक्रमण का शुरुआती दौर में पता लग जाएगा। इस जाँच में पहले 15 दिन से 1 महीने लगते थे जो अब दो दिन में हो जाएगी। इससे कोई भी संक्रमित रक्त किसी स्वस्थ मरीज को नहीं चढ़ पाएगा। सामान्य सेपरेशन यूनिट से जहाँ मरीज के शरीर में 5,000 प्लेटलेट्स बढ़ते हैं, वहीं इस आधुनिक मशीन से सीधे 50,000 तक प्लेटलेट्स बढ़ाए जा सकते हैं। नवजात शिशुओं के जीवन रक्षा और बेहतर पोषण के लिए जीएमएच अस्पताल के बाल शिशु विभाग में एक आधुनिक 'मिल्क बैंक' की शुरुआत की गई है। जिन माताओं को पर्याप्त दूध नहीं मिल पाता, उनके नवजात शिशुओं को इस बैंक के माध्यम से पॉश्चराइज्ड मिल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इससे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता और न्यूरोलॉजिकल विकास बेहतर ढंग से हो सकेगा। एनएचएम के सहयोग और डॉ. नरेश बजाज की टीम के प्रयासों से यह सुविधा उपलब्ध हुई है। बढ़ते मरीजों के दबाव और गंभीर रोगियों की सुगमता को ध्यान में रखते हुए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आईसीयू सुविधाओं का विस्तार किया गया है। हार्ट आईसीयू 10 बेड से बढ़ाकर 20 बेड कर दिया गया है। नेफ्रोलॉजी आईसीयू 5 बेड से बढ़ाकर 10 बेड में परिवर्तित किया गया है।
स्रोत: प्रसार भारती (पीबी-शब्द)

