सामग्री पर जाएँ
journalismindia
जर्नलिज़म इंडिया | अपनी समाचार, अपनी भाषा

क्रिकेट सहित सभी खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध मध्यप्रदेश सरकार- मंत्री श्री सारंग

नरसिंहपुर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग और स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह की मौजूदगी में कल रूद्र मैदान गाडरवारा में 11 से 17 नवंबर तक आयोजित होने वाली 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता अंडर-19 बालक वर्ग का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। इसके पश्चात स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के ध्वजारोहण के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।

journalismindia
2 मिनट में पढ़ें

मंत्री श्री सारंग ने कहा गाडरवारा के इस खेल मैदान पर दूसरी बार आने का अवसर मिला है और दोनों ही बार यहां खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ है। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के प्रयासों से मध्यप्रदेश में स्कूली स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं को बढ़ावा मिल रहा है।मंत्री श्री सारंग ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के जीवन में खेल का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। खेल व्यक्ति को अनुशासन, संयम, समर्पण और संघर्ष करना सिखाते हैं। खेलों के माध्यम से व्यक्ति केवल खेल के मैदान में ही नहीं, बल्कि जीवन के मैदान में भी सफलता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने खेल भावना का महत्व बताते हुए कहा कि क्रिकेट में गेंदबाज और बल्लेबाज मैदान पर एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी होते हैं, लेकिन खेल समाप्त होने के बाद वही खिलाड़ी आपस में मित्रवत व्यवहार करते हैं। यही वास्तविक खेल भावना है। यह भावना केवल खेल के मैदान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जीवन में भी इसे अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश है कि खेलोगे तो खिलोगे और देश को फिट बनाना है तो नागरिकों का फिट होना आवश्यक है। इसके लिए युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। क्रिकेट के संबंध में मंत्री श्री सारंग ने कहा कि सामान्यतः खेल विभागों में क्रिकेट को अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाता, लेकिन क्रिकेट की लोकप्रियता को देखते हुए प्रदेश सरकार ने इसे भी खेल गतिविधियों में शामिल करने की पहल की है। पिछले एमपी खेलो यूथ गेम्स में क्रिकेट को शामिल किया गया था। राष्ट्रीय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों का मध्यप्रदेश की धरती पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह अपने क्षेत्र में इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं। उपलब्ध संसाधनों के अतिरिक्त व्यवस्थाओं का विस्तार कर प्रतियोगिता को बेहतर स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।मंत्री श्री सारंग ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें तथा अपने प्रदेश, देश, माता-पिता और गुरुजनों का नाम रोशन करें। मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के नाते यह हमारी जिम्मेदारी है कि राष्ट्रीय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। यहां खिलाड़ियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन, अच्छी आवास व्यवस्था और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे आनंदपूर्वक प्रतियोगिता में भाग ले सकें और 17 नवंबर तक यह आयोजन निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न विभागों, नगर पालिका परिषद, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी मिलकर यह सुनिश्चित करें कि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मंत्री श्री सारंग ने जिस भी विभाग की जिम्मेदारी संभाली है, वहां पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य किया है।

शेयर करें:

और खबरें: शिक्षा