कटिहार में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को मिली बड़ी सौगात
PMAY 2.0 के तहत 328 लाभुकों को आवास निर्माण के लिए वर्क ऑर्डर जारी, PMAY 1.0 के लाभार्थियों को सौंपी गई घरों की चाबियां।

Slug : Local Updates
Marking : Lead All
Category : Local Updates, Politics
कटिहार में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को मिली बड़ी सौगात
PMAY 2.0 के तहत 328 लाभुकों को आवास निर्माण के लिए वर्क ऑर्डर जारी, PMAY 1.0 के लाभार्थियों को सौंपी गई घरों की चाबियां।
10 नवंबर , कटिहार (कटिहार, बिहार) : प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत कटिहार नगर निगम की ओर से लाभुकों को बड़ी सौगात दी गई। शहर के टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास निर्माण से संबंधित स्वीकृति पत्र और वर्क ऑर्डर प्रदान किए गए। वहीं, योजना के प्रथम चरण (PMAY 1.0) के तहत अपना मकान बनवा चुके लाभार्थियों को घर की चाबियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री सह कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद, नगर निगम की महापौर उषा देवी अग्रवाल और नगर प्रशासक संतोष कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के दूसरे चरण PMAY 2.0 के तहत 328 चयनित लाभुकों को आवास निर्माण के लिए वर्क ऑर्डर प्रदान किया गया। इसके साथ ही योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को पहली किस्त की राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। सरकार की ओर से पात्र शहरी भूधारी लाभार्थियों को पक्का मकान बनाने के लिए ढाई लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इसका मुख्य उद्देश्य हर जरूरतमंद परिवार को पक्की छत और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से गरीब और जरूरतमंद परिवारों का अपने घर का सपना साकार हो रहा है। लाभार्थी चाहें तो सरकारी सहायता के अतिरिक्त अपनी राशि लगाकर मकान को और बेहतर बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आम नागरिकों की बुनियादी जरूरतों, जैसे आवास, भोजन और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
वहीं, नगर निगम की महापौर उषा देवी अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 328 लाभार्थियों के आवास निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि सभी स्वीकृत लाभार्थियों को छठ महापर्व से पहले योजना की पहली किस्त की राशि उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपने मकान की नींव की खुदाई शुरू करवाएं और निर्माण स्थल की जियो-टैगिंग की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उनके बैंक खातों में सहायता राशि का हस्तांतरण समय पर किया जा सके। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाने से अगली किस्तों का भुगतान भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जल्द हो सकेगा।
महापौर ने चयनित सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जो पात्र परिवार इस चरण में योजना का लाभ पाने से वंचित रह गए हैं, उन्हें अगले चरण में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों ने भी अपनी खुशी जाहिर की। वर्षों से अपने घर का सपना देख रहे परिवारों के लिए यह अवसर खास रहा। एक ओर जहां पुराने लाभार्थियों को घर की चाबियां मिलीं, वहीं दूसरी ओर नए लाभार्थियों को पक्के मकान के निर्माण की दिशा में नई उम्मीद मिली।
इस स्टोरी फोल्डर में :
बाइट:
तारकिशोर प्रसाद, पूर्व उपमुख्यमंत्री सह विधायक, कटिहार
उषा देवी अग्रवाल, महापौर, कटिहार नगर निगम
संतोष कुमार, नगर प्रशासक, कटिहार नगर निगम
सौरभ मालाकार, समाजसेवी
रीतू देवी, प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी
प्रधानमंत्री आवास योजना के नए लाभार्थी
Caption : PMAY 2.0 के तहत 328 लाभुकों को आवास निर्माण के लिए वर्क ऑर्डर जारी, PMAY 1.0 के लाभार्थियों को सौंपी गई घरों की चाबियां।
स्रोत: प्रसार भारती (पीबी-शब्द)

